
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी एक युवती हाईटेंशन बिजली के पोल पर चढ़ गई। युवती को खंभे पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
मामला शाहगंज क्षेत्र के नटौली गांव का बताया जा रहा है। यहां की रहने वाली युवती का आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के नंदाव गांव निवासी युवक से लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। जब इस रिश्ते की जानकारी दोनों के परिजनों को हुई तो उन्होंने इसका कड़ा विरोध शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। उस समय परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को बरामद किया और युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया था।
इधर हाल ही में युवक के जमानत पर जेल से बाहर आने की खबर मिलने के बाद युवती फिर से उसी से शादी कराने की जिद पर अड़ गई। लेकिन दोनों के अलग-अलग समुदाय से होने के कारण परिवार वालों ने साफ इनकार कर दिया।
परिजनों के विरोध से नाराज युवती गांव के पास लगे हाईटेंशन बिजली के पोल पर चढ़ गई और प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी। युवती को पोल पर चढ़ा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर युवती को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ कोतवाली ले गई।

घटना के दौरान पूरे गांव में काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। लोग इस पूरे घटनाक्रम को किसी फिल्मी दृश्य की तरह देखते रहे। हालांकि पुलिस की सूझबूझ से मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझा लिया गया।




