
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर/शाहगंज: शाहगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नडवारा कला में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य में आ रही बाधा को लेकर शनिवार को प्रशासन हरकत में आया। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देश पर एडीएम (भू-राजस्व) अजय अम्बष्ठ ने एनएचआई के अधिकारियों और तहसील कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि जौनपुर-अकबरपुर मार्ग के निर्माण कार्य में पट्टे पर आवंटित तालाब की जमीन बाधा बन रही थी, जिससे निर्माण कार्य में देरी हो रही थी। इस संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने उस व्यक्ति से भी बातचीत की, जिसे उक्त तालाब की जमीन आवंटित की गई है। उन्होंने उसकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की।
एडीएम अजय अम्बष्ठ ने बताया कि संबंधित व्यक्ति की जीविका तालाब पर निर्भर है, ऐसे में उसे पास में वैकल्पिक जमीन देने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उसकी आजीविका प्रभावित न हो और राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण का रास्ता भी साफ हो सके।
उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के बाद जौनपुर-अकबरपुर मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करा दिया जाएगा।
इस मौके पर नायब तहसीलदार राहुल कुमार सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।




