
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/ जौनपुर: जिले के केराकत थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ रास्ते में रोककर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने तीन लोगों पर रॉड, लाठी-डंडा और कुर्सी से हमला करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, केराकत थाना क्षेत्र के मौजा पठखौली निवासी राहुल सरोज उर्फ रोहित सरोज पुत्र बच्चेलाल सरोज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 4 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2 बजे गांव से रास्ता पकड़कर अपने घर आ रहा था। इसी दौरान गांव के ही दीपचन्द कुमार पुत्र श्रीराम कुमार, सचिन कुमार पुत्र राजबहादुर उर्फ विदुर कुमार और राहुल कुमार पुत्र राजबहादुर उर्फ विदुर कुमार ने उसे रास्ते में रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि तीनों ने मिलकर रॉड, लाठी-डंडा और कुर्सी से उसकी पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने मारपीट के दौरान मां-बहन की भद्दी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
तहरीर में यह भी बताया गया है कि घटना के दौरान मौके पर ग्राम प्रधान सेखर कुमार भी मौजूद थे, जिनके सामने ही मारपीट की गई। जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि यदि पुलिस या कानूनी कार्रवाई की तो अगली बार जान से मार देंगे।
पीड़ित ने पुलिस से मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले में पुलिस नें प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी है।




