
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत मल्हनी इलाके में शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब ककोरगहना रेलवे क्रॉसिंग के पास एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाराणसी–फैजाबाद रेलखंड पर स्थित रेलवे ट्रैक के किनारे शाम करीब 5 बजे स्थानीय ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी। शव की हालत बेहद खराब थी, जिसे देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सरायख्वाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष आंकी जा रही है। युवक लोअर और टी-शर्ट पहने हुए था, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है। साथ ही घटना के कारणों की जांच के लिए हर पहलू को ध्यान में रखा जा रहा है।
फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। घटना से इलाके में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है।




