
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के ककोरगहना रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार शाम करीब 5 बजे रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान पुलिस ने कर ली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय थाना क्षेत्र के कोहड़ा गांव निवासी अमरनाथ का 25 वर्षीय पुत्र सूरज शनिवार शाम अचानक घर से लापता हो गया था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों में चिंता बढ़ गई। इसी बीच सूचना मिली कि ककोरगहना रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवक का शव मिला है।
मौके पर पहुंची पुलिस को युवक के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें सेव नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान सूरज के रूप में की।
थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा



