
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। नगर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जौनपुर-शाहगंज हाईवे पर धन्नेपुर चौराहे के पास बाइक सवार युवकों ने कार सवार दो लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों कार सवार घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के करीमपुर गांव निवासी अनिल बिंद अपने परिजन चंद्रेश बिंद के साथ लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मानेपुर गांव में अपनी बहन के यहां चौथ लेकर आए थे। आरोप है कि दोपहर में जब वे जौनपुर-शाहगंज हाईवे स्थित धन्नेपुर चौराहे के पास पहुंचे, तभी करीब चार बाइकों पर सवार लगभग आठ युवक वहां पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि युवकों ने कार रुकवाकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में अनिल बिंद और चंद्रेश बिंद के सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हमले के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। क्षेत्र में घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है।




