
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक (जौनपुर)। स्थानीय बाजार के मुख्य चौराहे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब युवक घरेलू गैस सिलिंडर लेकर गैस रिफिलिंग के लिए जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदवक थाना क्षेत्र के नरकटा गांव निवासी 26 वर्षीय सूरज यादव बाइक पर गैस सिलिंडर लेकर एजेंसी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह चंदवक के मुख्य चौराहे पर पहुंचे, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि सूरज यादव सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, इस संबंध में चंदवक थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




