
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुरैला गांव में गुरुवार को एक युवती द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरैला गांव निवासी समुंद्री राजभर (20) पुत्री शंभू राजभर ने गुरुवार को अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि युवती की मौत के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




