
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धिपुर इलाके में शनिवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अधेड़ व्यक्ति ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार सुद्धिपुर शिवपुर निवासी शिवकुमार सेठ (अधेड़) ने घर के दूसरे तल पर बने कमरे में एंगल के सहारे गमछे से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
बताया जा रहा है कि मृतक के पिता गोपाल सेठ शनिवार शाम करीब 7 बजे घर के दूसरे तल पर स्थित कमरे में बिछौना लेने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने कमरे में प्रवेश किया, तो सामने का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। शिवकुमार सेठ गमछे के सहारे फंदे से लटके हुए थे।
घटना की सूचना तत्काल शिवपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवारिक जानकारी के अनुसार मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उनके परिवार में पत्नी ममता, पांच वर्ष की बेटी तन्वी और चार वर्ष की बेटी निधि हैं। वहीं उनकी माता का नाम पार्वती बताया जा रहा है।
घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल जारी है।




