
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत /जौनपुर। थाना केराकत क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में वाराणसी के एक निजी अस्पताल में कार्यरत कर्मचारी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, श्याम बिहारी कन्नौजिया (उम्र लगभग 57 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय छोटेलाल, जो वाराणसी स्थित न्यू श्री साई वरदान हॉस्पिटल एंड रुद्रा एनोरेक्टर सेंटर में पीआरओ के पद पर कार्यरत थे, दिनांक 18 मार्च 2026 को ड्यूटी के दौरान कार्य से वापस अस्पताल लौट रहे थे।
बताया जाता है कि जब वे नाऊपुर स्थित झुनझुन फैक्ट्री के सामने करीब दोपहर 3 बजे पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इसके बाद सूचना अस्पताल प्रशासन को दी गई, जहां से स्टाफ द्वारा एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें वापस अपने अस्पताल लाया गया और इलाज शुरू किया गया।
परिजनों को सूचना मिलने पर वे तत्काल अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान देर रात करीब 1:30 बजे उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
परिजनों द्वारा मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। वहीं, 21 मार्च 2026 को परिजनों ने थाना केराकत में प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी वाहन की तलाश की जा रही है।



