
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में रविवार की भोर एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेंट्रल जेल मार्ग स्थित अवध अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल से 50 वर्षीय सीमा सिन्हा ने सुबह करीब 4 बजे छलांग लगा दी। ऊंचाई अधिक होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
परिजनों के मुताबिक, सीमा सिन्हा पिछले कई वर्षों से डिप्रेशन की बीमारी से पीड़ित थीं और उनका इलाज भी चल रहा था, लेकिन उनकी मानसिक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया।
मृतका के पति पंकज कुमार, जो सुल्तानपुर में बंदोबस्त अधिकारी के पद पर तैनात हैं, ने बताया कि उनकी पत्नी लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं और उन्हें समय-समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती रही।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।




