
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। अवध पैरामेडिकल कॉलेज, विशेषरपुर पचहटिया परिसर में सोमवार को विश्व ऑप्टोमेट्री दिवस उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आंखों की देखभाल और उनके संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कॉलेज की एमडी डॉ. शकुंतला यादव रहीं। वहीं पूर्व सीएमओ डॉ. राम अवध यादव का डॉ. दिनेश सिंह द्वारा गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. राम अवध यादव ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 23 मार्च को विश्व ऑप्टोमेट्री दिवस मनाया जाता है। वर्तमान समय में मोबाइल, कंप्यूटर और टीवी के अत्यधिक उपयोग से आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में नियमित नेत्र जांच, संतुलित आहार और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे खुद जागरूक बनें और समाज को भी जागरूक करें।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पोस्टर, स्लोगन, भाषण और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आंखों की सुरक्षा का संदेश दिया। “आंखें हैं अनमोल, इनका रखें ख्याल” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंतर्गत कॉलेज परिसर से विशेषरपुर चौराहे तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल छात्रों ने रास्ते में आमजन को आंखों की साफ-सफाई, समय-समय पर जांच और नेत्र रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
इस मौके पर प्रिंसिपल डॉ. नीता कपुरिया, डायरेक्टर अखिलेश सिंह, आकाश मौर्य, आशीष विश्वकर्मा, निखिल साहू, शुभम यादव और चांद सुल्ताना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




