
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरपुर गांव में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंग पट्टीदारों ने एक युवक और उसके माता-पिता पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित अजय कुमार (पुत्र पप्पू) ने बताया कि 12 मार्च की सुबह करीब 8:30 बजे वह अपनी आबादी की जमीन में गड्ढा खोद रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर उसके पट्टीदार अरुण, सुनील, कल्पनाथ और फिरता देवी एकजुट होकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
आरोप है कि अरुण ने लाठी से अजय के सिर पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बेटे को बचाने पहुंचे माता-पिता को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। इस दौरान माता चिंता देवी की उंगली टूट गई, जबकि पिता पप्पू को भी गंभीर चोटें आईं।
घटना के दौरान शोर सुनकर पहुंचे हवलदार उमानाथ व अन्य ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि जाते समय दबंगों ने कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी भी दी
लाइन बाजार पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चारों आरोपियों—अरुण, सुनील, कल्पनाथ और फिरता देवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 117(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।




