
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने और जबरन शादी करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौबेपुर थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में बताया कि उनकी अवयस्क पुत्री (जन्म तिथि 06 जुलाई 2009) को बीते 25 मार्च 2026 की शाम लगभग 5:30 बजे डुढुवा गांव निवासी पुनीत, पुत्र चंद्रभान उर्फ मंत्री, बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
पीड़ित पिता का आरोप है कि आरोपी युवक ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ जबरदस्ती शादी कर ली। इतना ही नहीं, आरोपी ने शादी से संबंधित तस्वीरें और जानकारी पीड़ित के व्हाट्सएप नंबर पर भेजकर घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित पिता ने तत्काल अपनी बेटी के शैक्षिक प्रमाण पत्रों के साथ चौबेपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नाबालिग लड़की की बरामदगी के लिए भी टीमों का गठन कर तलाश जारी है।



