
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो जाने के करीब 15 दिन बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जौनपुर जनपद के मड़ियाहूं थाना क्षेत्र अंतर्गत भुसेहरा गोपीपुर गांव निवासी आशा देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पति संदीप कुमार 19 फरवरी 2026 की रात लगभग 12 बजे पिंडरा बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में संदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान कुछ दिनों बाद उनकी मौत हो गई।
पीड़िता आशा देवी ने आरोप लगाया है कि अज्ञात वाहन चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण ही उनके पति की जान गई। वहीं, घटना के 15 दिन बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है,
जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
फूलपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।




