
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के दूहावर गांव में ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भदोही जनपद के फूलपुर निवासी लगभग 30 वर्षीय जितेंद्र कुमार चौहान अपनी ससुराल दूहावर गांव आए हुए थे। वहां उनकी साली की शादी की तैयारियां चल रही थीं। बताया जा रहा है कि ससुराल पक्ष की मांग पर उन्होंने करीब एक लाख रुपये की व्यवस्था भी की थी।
घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है, जब अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने की बात कहकर ससुराल पक्ष के लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों को शव पर चोट के निशान मिलने के बाद मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिसके चलते शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पिता और भाई मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि यह मौत स्वाभाविक नहीं है, बल्कि इसके पीछे साजिश हो सकती है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।




