
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) में बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भी बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज परिसर में धरने पर बैठे रहे और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए सिर मुंडवाकर अपना गुस्सा जाहिर किया। छात्रों का कहना है कि यह घटना केवल एक छात्र की हत्या नहीं, बल्कि पूरे कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में कॉलेज प्रशासन की भूमिका भी संदिग्ध है।
आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज के प्राचार्य डीके सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उन्हें तत्काल पद से हटाने की मांग की है। साथ ही मुख्य आरोपी मनजीत चौहान को फांसी की सजा देने की मांग भी तेज हो गई है।
गौरतलब है कि 20 मार्च को यूपी कॉलेज परिसर में बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी मनजीत चौहान को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था।
इस मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी अनुज सिंह मौर्य ने 31 मार्च को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
घटना के बाद कैंपस में मचा था हंगामा हत्या के बाद गुस्साए छात्रों ने कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा किया। कुर्सियां-टेबल तोड़ी गईं, वाहनों में तोड़फोड़ की गई और इस दौरान कुछ शिक्षक भी घायल हो गए।
न्याय की मांग पर अड़े छात्र
छात्रों का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।




