
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
आगरा। लोगों की मेहनत की कमाई को दोगुना करने का सपना दिखाकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का बड़ा राज खुल गया है। करीब 2.26 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे मास्टरमाइंड सत्यप्रकाश तित्तल को टूंडला से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लोगों को SBNL कंपनी में निवेश कर मोटा मुनाफा और रकम दोगुनी होने का लालच देकर जाल में फंसाता था जांच में सामने आया कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से निवेशकों का भरोसा जीता और करोड़ों रुपये इकट्ठा करने के बाद रकम हड़प ली। शिकायतें बढ़ने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आखिरकार मास्टरमाइंड को दबोच लिया।
हालांकि इस हाई-प्रोफाइल ठगी कांड में आरोपी की पत्नी समेत पांच अन्य सहयोगी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस ठगी के नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ठगी की रकम कहां-कहां निवेश की गई और इस पूरे खेल में कितने लोग शामिल थे। करोड़ों की इस महाठगी ने निवेश के नाम पर लोगों को ठगने वाले गिरोहों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




