
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चन्दवक:/जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां 12वीं की परीक्षा देने गई एक छात्रा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। छात्रा के अचानक गायब होने से परिजनों में हड़कंप मच गया है और पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि छात्रा मंगलवार को क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद उसकी सहेलियां तो अपने-अपने घर लौट आईं, लेकिन छात्रा घर नहीं पहुंची। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी।
परिजनों ने पहले विद्यालय परिसर, आसपास के बाजार और संभावित स्थानों पर खोजबीन की। इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी जानकारी ली, लेकिन छात्रा का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजन थाने पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी।
परिजनों को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस मामले में छात्रा की बड़ी बहन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम छात्रा की तलाश में जुट गई है। आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल की जा रही है और जल्द ही छात्रा को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल छात्रा के लापता होने की घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।




