
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक /जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक युवक पर युवती की फोटो को अश्लील तरीके से एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि चन्दवक थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की शादी तय हो चुकी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच गांव के ही सूरज सरोज पुत्र सुभाष सरोज ने युवती की फोटो को कथित तौर पर अश्लील तरीके से एडिट कर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी यहीं नहीं रुका, बल्कि उसने वह फोटो युवती के होने वाले ससुराल पक्ष को भी भेज दी। फोटो देखने के बाद ससुराल पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया, जिससे परिवार को सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ा और तय शादी टूट गई।
पीड़ित पिता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उनके होने वाले दामाद को फोन कर जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी सूरज सरोज के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




