
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिले के खुटहन थाना क्षेत्र में एलपीजी गैस की कालाबाजारी करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान तीन जनसेवा केंद्रों और एक घर से कुल 81 एलपीजी गैस सिलेंडर (भरे और खाली) बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर खुटहन थाना प्रभारी रामाश्रय राय और पूर्ति निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह की टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पूर्ति निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि खुटहन क्षेत्र के कुछ जनसेवा केंद्र संचालक पिछले कई दिनों से बड़े पैमाने पर एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए इसकी जानकारी जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र को दी गई, जिसके बाद उनके निर्देश पर छापेमारी की गई।
तीन स्थानों पर छापेमारी
पुलिस और पूर्ति विभाग की टीम ने धम्मौर और बंधनपुर गांव में तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की।
धम्मौर खास निवासी जितेन्द्र प्रजापति के घर और बैंकिंग सेंटर से 49 एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
बंधानपुर निवासी बृजेश प्रजापति के केंद्र से 15 सिलेंडर मिले।
धम्मौर निवासी अशोक विश्वकर्मा के जनसेवा केंद्र से 17 भरे और खाली सिलेंडर बरामद किए गए।
इतनी बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद होने से अधिकारी भी हैरान रह गए। जांच में सामने आया कि आरोपी ग्रामीण क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की अवैध खरीद-फरोख्त कर लाखों रुपये की कमाई कर रहे थे।
डीएम के निर्देश पर सख्त कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद खुटहन थाना पुलिस ने तीनों जनसेवा केंद्र संचालकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी रामाश्रय राय ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि पूरे नेटवर्क की जांच अभी जारी है।




