
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह मंगलवार को अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के साथ विश्व प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया।
करीब 30 मिनट तक दोनों ने आम श्रद्धालुओं की तरह मंदिर परिसर में रहकर पूजा-अर्चना की और देश-दुनिया की खुशहाली की कामना की।
दर्शन के बाद दोनों गंगा द्वार से बाहर निकले और नाव पर सवार होकर मां गंगा रिवर के पावन दर्शन किए। इस दौरान घाटों पर मौजूद लोगों में उन्हें देखने की जबरदस्त उत्सुकता रही।
शाम करीब 5:30 बजे गेट नंबर 4 से मंदिर में प्रवेश करते ही रिंकू सिंह को देखकर फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी। सेल्फी लेने के लिए लोग आगे बढ़ने लगे, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।




