
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर चंदवक थाना क्षेत्र के मोड़ईला बरइछ के पास मंगलवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर को रौंदते हुए खाई में जाकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए, वहीं ट्रैक्टर पर बैठा मजदूर कोयले में दब गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मजदूर को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब पांच बजे चंदवक थाना क्षेत्र के मोड़ईला बरइछ के पास एसकेएस ईंट उद्योग का खराब ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक मैकेनिक को बुलाने गया था और एक मजदूर ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान वाराणसी की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रेलर खाई में जाकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कोयले में दबे मजदूर को बाहर निकाला वहीं ट्रेलर चालक आनंद यादव को भी हादसे में हल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है




