
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। साइबर क्राइम थाना/सेल जौनपुर पुलिस ने ऑनलाइन साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से ₹92,000 नकद, 10 फर्जी आधार कार्ड और 2 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘Cy-Vajra’ के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य पुलिस की सक्रियता के चलते जनपद छोड़कर भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने सिटी रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर गुरुवार सुबह तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी गुलशन सोनी निवासी राजेपुर कजगांव, थाना जफराबाद सूरज उपाध्याय निवासी हुसैनाबाद न्यू कॉलोनी, थाना लाइन बाजार अमन सिंह निवासी उमरपुर हरिबंधनपुर, थाना कोतवाली। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दीपेश उर्फ दीपु विश्वकर्मा के नेतृत्व में संचालित साइबर ठगी गिरोह के सदस्य हैं। गिरोह ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम विभिन्न लोगों के बैंक खातों में मंगवाकर एटीएम से नकदी निकालता था। निकाली गई रकम का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा सरगना को और शेष 20 प्रतिशत आरोपी आपस में बांट लेते थे जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने और अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाने के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार कर उनका इस्तेमाल करते थे। गिरोह का सरगना फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान भी हो चुकी है पुलिस ने बरामद नकदी, फर्जी आधार कार्ड और मोबाइल फोन कब्जे में लेकर आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया है।
साइबर पुलिस की अपील: किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी या पहचान पत्र उपयोग के लिए न दें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।




