
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर/मड़ियाहूं। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के बारीगांव नेवादा गांव में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। शादी समारोह से पैदल घर लौट रहे युवक पर अचानक नीम का विशाल पेड़ गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विनय पटेल ने अपना एक नीम का पेड़ बेच दिया था। रविवार रात व्यापारी के मजदूर पेड़ की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान गांव के निवासी अरविंद पटेल एक शादी समारोह में शामिल होकर पैदल अपने घर लौट रहे थे।
बताया जाता है कि जैसे ही अरविंद उस स्थान के पास पहुंचे, जहां पेड़ काटा जा रहा था, तभी अचानक पेड़ उनकी ओर गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मड़ियाहूं पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मड़ियाहूं कोतवाली के दरोगा कविंद्र नाथ राय ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतक अरविंद पटेल परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वह मुंबई में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और करीब 15 दिन पहले ही गांव आए थे। उनके परिवार में एक पुत्री नेहा तथा दो पुत्र नितिन और लकी हैं। तीनों बच्चों का अभी विवाह नहीं हुआ है। अरविंद की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




