
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जौनपुर-बक्शा हाईवे-731 पर द्वारिका होटल के सामने गुरुवार रात चलती कार में गोली लगने से बैंक मैनेजर की मौत हो गई। गोली लगने के बाद अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया मृतक की पहचान लखनऊ निवासी बैंक मैनेजर दुर्गेश श्रीवास्तव के रूप में बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बक्शा पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल बैंक मैनेजर को उपचार के लिए सीएचसी नौपेड़वां पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी। बैंक मैनेजर को गोली किन परिस्थितियों में लगी, गोली कैसे चली और घटना के पीछे क्या कारण है, पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के संबंध में पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।



