
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। राजनीति में कुछ चेहरे केवल अपने पद और राजनीतिक कद से नहीं, बल्कि अपने व्यवहार, व्यक्तित्व और लोगों के प्रति आत्मीयता से पहचाने जाते हैं। ऐसे ही जनप्रिय व्यक्तित्व के धनी समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा के सर्वकालिक अध्यक्ष नीरज पहलवान के असामयिक निधन ने केराकत की सियासत और सामाजिक परिवेश को गहरे शोक में डुबो दिया है। दीपावली से ठीक पहले देर रात हृदय गति रुकने से उनके निधन की खबर सामने आते ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई नीरज पहलवान का जाना महज एक राजनीतिक नेता का दुनिया से विदा होना नहीं, बल्कि उस आत्मीय व्यक्तित्व का बिछड़ना है, जिसने वर्षों तक अपने व्यवहार से लोगों के दिलों में जगह बनाई। उनकी पहचान किसी राजनीतिक पद या जिम्मेदारी तक सीमित नहीं थी। सरल स्वभाव, मृदुभाषी अंदाज और हर किसी से सहजता के साथ मिलने की कला उन्हें भीड़ से अलग बनाती थी। यही वजह थी कि पार्टी के कार्यकर्ता हों या आम नागरिक, समर्थक हों या राजनीतिक विरोधी, उनके व्यवहार में सभी के लिए सम्मान और अपनापन दिखाई देता था।
पद से नहीं, व्यवहार से बनाई थी पहचान
राजनीतिक जीवन में नीरज पहलवान ने समाजवादी पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा, सक्रियता और समर्पण से अलग पहचान बनाई। संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और कार्यकर्ताओं के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव उनकी सबसे बड़ी ताकत थी। विधानसभा के सर्वकालिक अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की। पार्टी के लोगों के लिए वे केवल वरिष्ठ नेता नहीं, बल्कि मार्गदर्शक और सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले आत्मीय साथी थे उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके निधन की खबर सुनकर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोग स्तब्ध रह गए। हर किसी की जुबान पर उनके सरल व्यवहार और मिलनसार व्यक्तित्व की चर्चा रही। क्षेत्र के लोगों के लिए यह विश्वास करना कठिन था कि जो चेहरा कल तक उनके बीच मौजूद था, वह अब हमेशा के लिए यादों में सिमट गया है।
केराकत की सियासत में लंबे समय तक खलेगी कमी
नीरज पहलवान के निधन से समाजवादी पार्टी ने एक समर्पित और कर्मठ नेता खो दिया है। वहीं केराकत क्षेत्र ने ऐसा व्यक्तित्व खोया है, जिसकी पहचान केवल राजनीति से नहीं, बल्कि सामाजिक रिश्तों और मानवीय संवेदनाओं से भी जुड़ी थी। राजनीतिक पद और जिम्मेदारियां समय के साथ बदलती रहती हैं, लेकिन लोगों के दिलों में बनाई गई जगह कभी समाप्त नहीं होती आज उनके जाने के बाद केराकत की सियासत में एक ऐसा खालीपन महसूस किया जा रहा है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा। उनके साथ बिताए पल, उनकी आत्मीय बातचीत और लोगों के प्रति उनका सहज व्यवहार लंबे समय तक याद किया जाता रहेगा कुछ लोग दुनिया से चले जाते हैं, लेकिन लोगों के दिलों से कभी विदा नहीं होते। नीरज पहलवान भी ऐसे ही व्यक्तित्व थे, जिनकी कमी केवल समाजवादी पार्टी ही नहीं, बल्कि केराकत का सामाजिक और राजनीतिक परिवेश भी लंबे समय तक महसूस करेगा ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों, शुभचिंतकों और समूचे समाजवादी परिवार को इस अपार दुख को सहन करनेl की शक्ति प्रदान करें।




