
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जौनपुर साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर क्राइम थाना जौनपुर एवं जनपद के विभिन्न थानों की साइबर सेल टीम ने CEIR पोर्टल के माध्यम से कुल 111 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया है। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर मोबाइल फोन को ट्रैक कर रिकवर किया गया। बरामद मोबाइल फोन जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों शाहगंज, बदलापुर, कोतवाली, लाइन बाजार, सरायख्वाजा, तेज़ीबाजार, सरपतहां, सुजानगंज, मछलीशहर, मुंगराबादशाहपुर एवं नेवढ़िया से संबंधित हैं।
पुलिस के अनुसार, ये मोबाइल फोन केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे अन्य राज्यों से भी बरामद किए गए हैं। सभी मोबाइल विभिन्न नामी कंपनियों के हैं, जिनकी बाजार कीमत लाखों रुपये में है।
बरामद मोबाइल फोन पुलिस अधीक्षक द्वारा उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। सभी मोबाइल धारकों ने जौनपुर पुलिस और साइबर क्राइम टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए, तो तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें और साथ ही CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे मोबाइल की शीघ्र बरामदगी संभव हो सके।




