
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
गोरखपुर। में कुशीनगर-लखनऊ फोरलेन पर ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी की रूह कंपा दी। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के अजवनिया गांव के पास ट्रक और डंपर की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत के बाद आग का ऐसा तांडव मचा कि दो जिंदगियां पलभर में राख बन गईं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर होते ही दोनों वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए। आग की लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं और हाईवे पर अफरा-तफरी, चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि मक्का लदा ट्रक लखनऊ की तरफ जा रहा था, तभी रॉन्ग साइड से आए डंपर ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रक सड़क किनारे पलट गया और देखते ही देखते आग ने दोनों वाहनों को अपनी गिरफ्त में ले लिया।

सबसे दर्दनाक मंजर तब सामने आया जब डंपर चालक सत्येंद्र और क्लीनर शिवा आग के बीच वाहन में ही फंस गए। आग इतनी विकराल थी कि दोनों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला और जिंदा जलकर उनकी मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक और खलासी ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन दोनों गंभीर रूप से झुलस गए हैं और अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर ऐसा भयावह दृश्य था कि दमकल कर्मियों के भी पसीने छूट गए। आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि कई देर तक कोई वाहन के पास तक नहीं जा सका। पांच दमकल गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब आग बुझी और पुलिस टीम डंपर के अंदर पहुंची, तो वहां का दृश्य देखकर हर कोई सन्न रह गया। अंदर सिर्फ जले हुए कंकाल बचे थे। पुलिस ने अवशेष कब्जे में लेकर डीएनए जांच शुरू कर दी है।




