वाराणसी में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली घटना कक्षा 4 की मासूम छात्राओं से कथित छेड़खानी, प्रिंसपल को ग्रामीणों ने कमरे में किया बंद
वाराणसी में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली घटना कक्षा 4 की मासूम छात्राओं से कथित छेड़खानी, प्रिंसपल को ग्रामीणों ने कमरे में किया बंद

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी
शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय पिसौर में शिक्षा के नाम पर भरोसे को तार-तार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर कक्षा चार की चार छात्राओं से छेड़खानी और अश्लील हरकतों का गंभीर आरोप लगा है।
मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष विद्यालय पहुंचे और आरोपित प्रिंसपल को एक कमरे में बंद कर जमकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात इतने बेकाबू हो गए कि ग्रामीणों ने पिटाई तक का मन बना लिया था।
सूचना मिलते ही शिवपुर, कैंट और रोहनिया थाने की पुलिस फोर्स, साथ ही शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ के आक्रोश से बचाने के लिए पुलिस ने प्रधानाध्यापक को हेलमेट पहनाकर, सुरक्षा घेरे में लेकर विद्यालय से बाहर निकाला।
छात्राओं के परिजनों के गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि शनिवार को प्रधानाध्यापक ने चारों छात्राओं के साथ अशोभनीय व्यवहार किया, गलत तरीके से छुआ और उन्हें अश्लील वीडियो दिखाने का प्रयास किया। रविवार को अवकाश होने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी, लेकिन सोमवार को स्कूल खुलते ही ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया।
हाथों में चप्पलों की माला, कानून को सौंपने की मांग
ग्रामीण हाथों में चप्पलों की माला लेकर नारेबाजी करते रहे और आरोपी को अपने हवाले करने की मांग पर अड़े रहे। मौके पर पहुंचे डीसीपी वरुण जोनन, एसीपी कैंट प्रमोद कुमार, एसडीएम सदर और खंड शिक्षा अधिकारी ने लोगों से संयम बरतने की अपील की। पुलिस ने माइक से ऐलान कर कहा कि कानून हाथ में न लें, दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
ग्रामीणों का साफ कहना है कि स्कूल में बच्चों के साथ इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने शिक्षा विभाग से मांग की है कि पूरे विद्यालय की जांच करv दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई तय है।




