मीरगंज में पुलिस मुठभेड़: अंतरजनपदीय गो-तस्कर के पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
मीरगंज में पुलिस मुठभेड़: अंतरजनपदीय गो-तस्कर के पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जनपद में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मीरगंज पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय गो-तस्कर मोनू उर्फ बलवन्त बघेल (23) को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के नेतृत्व में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग गोधना बाजार में की जा रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया।
बताया जाता है कि सेमरी अंडरपास पुलिया के पास आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही दबोच लिया गया।
घायल आरोपी की पहचान मोनू उर्फ बलवन्त बघेल पुत्र …, निवासी रामनगर, थाना अखण्डनगर, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है। वह थाना सरायख्वाजा में दर्ज गो-तस्करी के एक मामले में वांछित चल रहा था। उसके एक अन्य साथी को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है।
मौके से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस, एक खोखा तथा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
थाना मीरगंज में आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पर आर्म्स एक्ट एवं पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य गंभीर धाराओं में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं।




