तेज रफ्तार स्कूल बस की टक्कर से कार व ऑटो क्षतिग्रस्त, बच्चों को छोड़ चालक फरार
केराकत-जौनपुर मार्ग पर हुरहुरी गांव के पास हादसा, बस बिना नंबर प्लेट के मिली

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत, जौनपुर।
केराकत कोतवाली क्षेत्र के केराकत-जौनपुर मार्ग पर हुरहुरी गांव के पास शनिवार दोपहर तेज रफ्तार एक निजी विद्यालय की डग्गामार स्कूल बस ने आगे चल रही कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ऑटो से जा भिड़ी। हादसे के समय तीनों वाहनों में सवारियां मौजूद थीं तथा बस में स्कूली बच्चे भरे थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कार और ऑटो क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद बस चालक बच्चों को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस में सवार बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
हादसे में कार सवार 60 वर्षीय रुखमिनी देवी को मामूली चोटें आई हैं। गनीमत रही कि कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। जांच के दौरान पाया गया कि बस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी, जिससे वाहन की वैधता पर सवाल उठ रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।




