
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिले के परियावां गांव में जमीन विवाद को लेकर एक युवक द्वारा खुद को आग लगाकर जान देने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने पीड़ित को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि किसी की निजी भूमिधरी जमीन पर जबरन सड़क बनाए जाने की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी प्राप्त जानकारी के अनुसार, परियावां निवासी त्रिभुवन मौर्य के करीब 35 वर्षीय पुत्र दिनेश मौर्य ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। घटना के बाद उन्हें सुबह करीब नौ बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दिनेश मौर्य का शरीर लगभग 40 प्रतिशत झुलस गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
300 मीटर सड़क निर्माण को लेकर बढ़ा विवाद
जिलाधिकारी के अनुसार, गांव में 14 तारीख को ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में पंचायत हुई थी। इसमें ग्रामीणों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कच्चे रास्ते पर करीब 300 मीटर सड़क बनाने को लेकर सहमति बनने की बात सामने आई है। प्रशासन के मुताबिक, इसी सहमति के आधार पर ग्राम प्रधान ने सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई थी। हालांकि, दो दिन पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद दिनेश मौर्य ने अपनी सहमति से इनकार कर दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया राजस्व अभिलेखों और नक्शे की प्रारंभिक जांच में संबंधित स्थान पर सरकारी रास्ता दर्ज नहीं होने तथा भूमि निजी भूमिधरी होने की बात सामने आई है। ऐसे में सड़क निर्माण को लेकर जमीन प्रभावित होने की आशंका के बीच विवाद गहरा गया। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
राजस्व टीम करेगी पूरे मामले की जांच
जिलाधिकारी ने तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कानूनगो और लेखपाल को मौके पर भेजकर विवाद की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। पीड़ित परिवार के संपर्क में राजस्व अधिकारी भी बने हुए हैं। प्रशासन पंचायत के आयोजन, उसमें बनी सहमति और ग्राम पंचायत अधिकारी की भूमिका की भी जांच कराएगा। बताया गया कि संबंधित पंचायत के दौरान कोई राजस्व अधिकारी मौजूद नहीं था डीएम ने कहा कि जांच में यदि किसी की निजी भूमिधरी जमीन पर जबरन सड़क बनाए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। फिलहाल, पूरे मामले में प्रशासन की जांच और दिनेश मौर्य के उपचार पर नजर बनी हुई है।




