Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
जौनपुरयूपी

वृद्धा से चेन छीनकर भाग रहा बदमाश ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, पुलिस के हवाले

वृद्धा से चेन छीनकर भाग रहा बदमाश ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, पुलिस के हवाले

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता 

जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में मंगलवार दोपहर एक वृद्ध महिला से सोने की चेन छीनकर भाग रहे बदमाश को ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार गांव की निवासी ज्ञान देवी (पत्नी स्व. उमाशंकर राय) उस समय घर में अकेली थीं। तभी बाइक से एक युवक कुकर और कड़ाही बेचने के बहाने उनके दरवाजे पर पहुंचा और सामान खरीदने के लिए कहने लगा। बातचीत के दौरान उसने घर के अंदर नजर दौड़ाई और जब उसे कोई अन्य व्यक्ति दिखाई नहीं दिया तो वह अचानक घर में घुस गया।

आरोप है कि युवक ने वृद्धा का गला और मुंह दबाकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली। इस दौरान महिला के होंठ कट गए, जिससे खून निकल आया। घटना के बाद आरोपी युवक तेजी से बाहर निकलकर अपनी बाइक से भागने लगा।

इसी बीच पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। गांव के अंकित विश्वकर्मा और सुभाष विश्वकर्मा ने साहस दिखाते हुए बाइक से भाग रहे बदमाश को पकड़ लिया। अंकित विश्वकर्मा तो सीधे बाइक सवार बदमाश पर कूद पड़े, जिसके बाद अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़कर वहीं बैठा लिया।

घटना की सूचना मिलने पर पास के कल्याणपुर बाजार में मौजूद एसआई विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी को बाइक, चाकू और अन्य सामान के साथ हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम कन्हैया पांडेय पुत्र राजदेव पांडेय, निवासी गांव कपिया निजामत, थाना महाराजगंज, जिला सिवान (बिहार) बताया। उसने यह भी बताया कि वह फिलहाल आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के पास रह रहा था।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!