
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के कोईलारी बाजार में दूध की गुणवत्ता को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि डेरी संचालक को मारपीट और जान से मारने की धमकी तक दे दी गई।
जानकारी के मुताबिक हीडाकोट गांव निवासी रितेश सिंह, जो कोईलारी बाजार में अमूल डेरी का संचालन करते हैं, 10 मार्च 2026 की शाम करीब 7 बजे अपनी डेरी पर मौजूद थे। इसी दौरान अमरौना गांव निवासी प्रिंस यादव दूध देने के लिए डेरी पर पहुंचा।
जब डेरी पर मौजूद मशीन से दूध की जांच की गई तो रिपोर्ट में दूध में करीब 13 प्रतिशत पानी और 8.38 एसएनपी पाया गया। गुणवत्ता मानक सही न होने के कारण डेरी संचालक रितेश सिंह ने दूध लेने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर प्रिंस यादव भड़क गया और अपने साथ शैलेन्द्र समेत 3-4 अन्य लोगों के साथ डेरी पर चढ़कर गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि सभी लोग मारपीट पर उतारू हो गए।
हालांकि मौके पर मौजूद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। लेकिन जाते-जाते आरोपियों ने डेरी संचालक को जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़ित रितेश सिंह ने चंदवक थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है




