
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत फरिहा चौक पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में पिकअप सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे टक्कर इतनी भीषण हुई कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे बने पुलिस बूथ में जा घुसा, जिससे बूथ को भी भारी नुकसान पहुंचा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
थाना प्रभारी हीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
गुरुवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटवाया, जिससे बाधित यातायात को फिर से सामान्य किया जा सका।




