
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/ जौनपुर। दहेज उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक विवाहिता की हत्या कर शव गायब करने का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी केअनुसार, जनपद आजमगढ़ के थाना तरवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टाडा डीह निवासी प्रार्थी ने अपनी पुत्री आंचल की शादी दिनांक 12 मार्च 2021 को जौनपुर जनपद के थाना केराकत क्षेत्र के ग्राम उदयचन्दपुर निवासी अभिषेक दुबे पुत्र संतोष दुबे के साथ की थी। शादी के समय परिजन ने अपनी सामर्थ्य अनुसारदान-दहेज, गहना, कपड़ा एवं घरेलू सामान दिया था।
आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष—पति अभिषेक दुबे, सास रीमा दुबे, ससुर संतोष दुबे, देवर सचिन व विनीत तथा जेठ विकास—द्वारा मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये की मांग को लेकर आंचल को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
पीड़ित पिता के अनुसार, आंचल के दो छोटे बच्चे हैं—आदर्श (ढाई वर्ष) और शिवांश (आठ माह)। मार्च 2026 में आंचल ने अपनी मां को फोन कर रोते हुए बताया कि उसे दहेज के लिए बुरी तरह प्रताड़ित किया जा रहा है और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
परिजनों के मुताबिक, 23 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1 बजे आंचल के ससुराल से सूचना मिली कि वह घर पर नहीं है। सूचना मिलने पर परिजन जब उदयचन्दपुर पहुंचे तो आंचल का कोई पता नहीं चला।
आरोप है कि पूछताछ करने पर ससुराल पक्ष ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और उल्टा धमकी देकर भगा दिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आंचल की हत्या कर शव को गायब कर दिया गया है।
पीड़ित पिता ने अब पुलिस अधीक्षक जौनपुर से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस पीड़ित के तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज पति सास ससुर जेठ देवर सहित आधा दर्जन पर मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है




