
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जनपद के बक्शा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवगुलामगंज मोड़, एनएच-731 पर बृहस्पतिवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार पिकअप का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में चालक पूरी तरह सुरक्षित बच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा करीब दोपहर 3:40 बजे हुआ। पिकअप (UP 62 AT 8495) पर जय मां शारदा ट्रेडिंग कंपनी, इस्मैला शिवापार से पशुओं के लिए चूनी-चोकर लदा हुआ था, जो सड़क पर बिखर गया। चालक रविंद्र यादव, निवासी इस्मैला कुद्दुपुर, थाना लाइन बाजार, जौनपुर से बदलापुर की ओर जा रहा था।
अचानक टायर फटने से पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पास से गुजर रहे लोगों व एम्बुलेंस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
दुर्घटना के चलते एनएच-731 पर लगभग आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पिकअप पर लदा सामान दूसरी गाड़ी में शिफ्ट कराया गया तथा क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात बहाल कराया गया।
इसी दौरान एक और घटना सामने आई। पिकअप के पीछे आ रही एम्बुलेंस (UP 32 FG 0716) चालक व कर्मियों ने मदद के लिए वाहन रोका, लेकिन इसी दौरान एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हालांकि, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर द्वारा एम्बुलेंस को खाई से बाहर निकाला गया।
स्थिति नियंत्रण में, बड़ा हादसा टला समय रहते राहत एवं बचाव कार्य होने से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी लोग सुरक्षित बच गए। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




