संदिग्ध हालात में युवक की मौत पर बवाल, हत्या का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
संदिग्ध हालात में युवक की मौत पर बवाल, हत्या का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी के सिंधोरा थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पैकेज / रिपोर्ट:
वाराणसी के सिंधोरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर चकदुल्ला में 24 वर्षीय युवक रोहित राजभर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है।
मृतक रोहित राजभर मूल रूप से सारनाथ के रुस्तमपुर का रहने वाला था, लेकिन बचपन से अपने ननिहाल चंदवक थाना क्षेत्र के घोड़दौड़ गांव में रह रहा था। बताया जा रहा है कि रोहित 5 मई को एक दोस्त की बारात में शामिल होने जौनपुर के कटका गांव गया था। देर रात वह बुलेट बाइक से अकेले वापस लौट रहा था, तभी बसंतपुर के पास उसका शव संदिग्ध हालत में मिला।
परिजनों का आरोप है कि जहां शव मिला, वह मुख्य मार्ग से करीब 4 किलोमीटर दूर है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि रोहित वहां कैसे पहुंचा। परिवार का दावा है कि उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर हत्या कर शव फेंका गया।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार सुबह सिंधोरा बाजार स्थित बसंतपुर गेट के पास थानागद्दी-भोजूबीर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने, आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर धरना शुरू कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही गोमती जोन के कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। एसीपी विजय प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
फिलहाल पुलिस मामले को सड़क दुर्घटना मानकर जांच कर रही है, जबकि परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।




