
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के जमैथा गांव में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी 13 वर्षीय आयुष निषाद पुत्र हरिकिशन निषाद की गोमती नदी में नहाते समय डूबने से मौत हो गयी। घटना के बाद परिवार में रोना—पीटना मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आयुष घर से करीब 100 मीटर दूर गोमती नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। नदी में नाव से मछली मार रहे लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल नदी में छलांग लगाकर किशोर को बाहर निकाला।
परिजन आनन—फानन में उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले गये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है।




