
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के वाराणसी–आजमगढ़ मार्ग स्थित कर्रा कॉलेज के पास मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साला गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के देवगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर कठेरवा गांव निवासी अखिलेश पुत्र गोरखनाथ अपने छोटे साले की शादी में शामिल होने के लिए जौनपुर के ब्रह्मणपुर गांव आए हुए थे। मंगलवार शाम बारात जानी थी। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9:30 बजे अखिलेश अपने साले संदीप के साथ बाइक से चंदवक बाजार माला-फूल लेने जा रहे थे। इसी दौरान वाराणसी–आजमगढ़ मार्ग पर कर्रा कॉलेज के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अखिलेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची चंदवक पुलिस दोनों को उपचार के लिए सीएचसी बीरीबारी ले गई, जहां चिकित्सकों ने अखिलेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल संदीप का उपचार जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। बताया जा रहा है कि मृतक अखिलेश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसके परिवार में पत्नी प्रतिमा सहित तीन बच्चे — महिमा (12 वर्ष), प्रांजल (10 वर्ष) और अनिकेत (8 वर्ष) हैं। हादसे के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





