
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। गोसाईपुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है बताया जा रहा है कि चोर घर की पूर्वी दिशा की बाउंड्रीवाल तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद बदमाशों ने घर के कमरों में रखी अलमारी उठा ली और उसमें मौजूद कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सुबह ग्रामीणों को खेत में टूटी हुई अलमारी मिली, जिसके बाद चोरी की जानकारी परिवार को हुई पीड़ित परिवार के अनुसार चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और कीमती बर्तन समेत करीब सात लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गए। घटना के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं और महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और बाउंड्रीवाल टूटी मिली। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि सूचना देने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासे की मांग की है।




