
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
गाजीपुर। में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी आरोपी कमलेश चौधरी मारा गया। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें स्वाट प्रभारी रोहित मिश्रा भी गोली लगने से घायल हो गए।
यह मुठभेड़ शहर कोतवाली क्षेत्र के पवहारी बाबा आश्रम, कुर्था के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल कारोबारी आलोक राय के पुत्र विनीत राय की हत्या में वांछित आरोपी कमलेश चौधरी करंडा क्षेत्र की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की, जिसके बाद बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बदमाश की गोली से स्वाट प्रभारी रोहित मिश्रा के हाथ में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने कमलेश चौधरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल स्वाट प्रभारी का इलाज जारी है।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार देर रात अष्टभुजी कॉलोनी निवासी होटल कारोबारी आलोक राय के पुत्र विनीत राय की उनके होटल के गेट पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय, आलोक दुबे, सोनू यादव, कमलेश चौधरी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों पर इनाम घोषित किया था। कमलेश चौधरी पर एडीजी जोन द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस और एसटीएफ की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।




