
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़वा-काजिसराय मार्ग पर स्थित अश्वनी पटेल के बंद पड़े दो मंजिला मकान में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए करीब लगभग 12 लाख रुपये के जेवरात और 1 लाख 50 हजार रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जा रहा है कि परिवार के मुखिया के निधन के बाद परिजन तेरही कार्यक्रम की तैयारियों में काजिसराय स्थित पुराने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया।
चोर मेन गेट का ताला काटकर घर के अंदर दाखिल हुए और तीन कमरों में रखी अलमारी, बक्से और बंद बेड के लॉक तोड़ डाले। घर में रखे लाखों रुपये के आभूषण और तेरही कार्यक्रम के लिए रखी गई नगदी चोरी कर ली गई।
सुबह जब परिवार के लोग घर पहुंचे तो टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
एक महीने में तीसरी बड़ी चोरी
ग्रामीणों के अनुसार बीते एक माह में इलाके में यह तीसरी बड़ी चोरी की घटना है। इससे पहले गड़वा गांव और बालीपुर गांव में भी बंद मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात सामने आ चुकी है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलने पर बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।




