
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंहपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। गांव निवासी 40 वर्षीय कार गैराज मिस्त्री मनोज कुमार पटेल अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए। परिजनों ने आरोप लगाया है कि रास्ते में रोककर दबंगों ने मनोज के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया था, जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, मनोज कुमार पटेल सुबह करीब छह बजे बाइक से श्रीनगर बाजार जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही प्रिंस पटेल और उसकी मौसी अर्चना पटेल ने उन्हें रोक लिया। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, फिर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान लोहे की रॉड से मनोज के सिर पर हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घायल अवस्था में मनोज किसी तरह घर पहुंचे, लेकिन उन्होंने परिवार को घटना की जानकारी नहीं दी और सीधे कमरे में जाकर सो गए। दोपहर करीब दो बजे जब उनकी पत्नी जगाने पहुंचीं, तो मनोज अचेत मिले। शरीर में कोई हरकत न होने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शरीर पर चोट के निशान देखकर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




