
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के मड़ार गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 90 वर्षीय वृद्धा की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है जानकारी के अनुसार, औड़िहार-जौनपुर रेलखंड पर पिलर संख्या 17/2 के पास शाम करीब साढ़े पांच बजे जौनपुर से औड़िहार की ओर मालगाड़ी गुजर रही थी। उसी दौरान मड़ार गांव निवासी समरजी देवी रेलवे लाइन के किनारे बकरियां चरा रही थीं। अचानक वह ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि स्टेशन मास्टर की सूचना पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।




