
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
प्रयागराज। जिले के उतरांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार का कहर एक मासूम की जिंदगी पर भारी पड़ गया। सड़क पार कर रही पांच वर्षीय बालिका सुनैना को तेज गति से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने बच्ची का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना था कि इलाके में बेलगाम रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही लगातार हादसों को जन्म दे रही है, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है और हर आंख मासूम सुनैना की असमय मौत पर नम है।




