
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। महाराजगंज थाना क्षेत्र के सवंसा गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसे में 56 वर्षीय महिला और उनके पालतू कुत्ते की करंट लगने से मौत हो गई। महिला अपने कुत्ते को बचाने के प्रयास में खुद भी बिजली की चपेट में आ गईं। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी एवं पूर्व प्रधानाध्यापक इंद्रपाल सिंह के घर के बाहर लोहे की पाइप से उनका पालतू कुत्ता बंधा हुआ था। घर के सामने स्थित बिजली के खंभे से आया एक केबल क्षतिग्रस्त होकर टिनशेड के पास कट गया था। कटे हुए तार के संपर्क में आने से टिनशेड और उससे जुड़ी लोहे की पाइप में करंट प्रवाहित होने लगा। बताया जाता है कि पाइप से बंधा कुत्ता अचानक करंट की चपेट में आकर तड़पने लगा। उसे बचाने के लिए परिवार की बड़ी बहू रेखा सिंह (56), पत्नी स्वर्गीय रमाकांत सिंह, तत्काल मौके पर पहुंचीं। जैसे ही उन्होंने कुत्ते को छुड़ाने का प्रयास किया, वह भी करंट की चपेट में आ गईं।
महिला की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा बिजली आपूर्ति बंद कराने की कोशिश शुरू की। खंभे से जुड़े केबल को कटवाने के बाद लोग महिला तक पहुंच सके, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। रेखा सिंह और पालतू कुत्ते दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए क्षतिग्रस्त तारों की समय पर मरम्मत न होने पर नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।




