
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक / जौनपुर। दुर्घटना में मृत भाई के नाम स्वीकृत ₹5 लाख की सहायता राशि दिलाने के नाम पर ₹2.50 लाख रुपये हड़पने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, चंदवक थाना क्षेत्र के थुनही गांव निवासी रामजनम राम ने आरोप लगाया है कि उसके सगे भाई रामकेवल की दुर्घटना में मृत्यु के बाद समाज कल्याण विभाग से ₹5 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत हुई थी। आरोप है कि सहायता राशि दिलाने के नाम पर पहले एक रिश्तेदार ने चेक अपने पास रख लिया और बाद में समाज कल्याण विभाग में पैसा देने की बात कहकर प्रक्रिया को अपने हाथ में ले लिया। पीड़ित का कहना है कि इसी दौरान सुनील कुमार नामक व्यक्ति ने पूरी सहायता राशि दिलाने का भरोसा देकर पहले ₹50 हजार और बाद में अलग-अलग किस्तों में कुल ₹2.50 लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद न तो पूरी सहायता राशि दिलाई गई और न ही लिए गए पैसे वापस किए गए।
रामजनम राम ने आरोप लगाया कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, उसने इस मामले की शिकायत थाना चौबेपुर, वाराणसी में भी की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। न्याय की आस में पीड़ित ने वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) को प्रार्थना पत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, कथित रूप से हड़पी गई धनराशि की वापसी तथा आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच-पड़ताल में जुट गई है।




