
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी/चोलापुर। दानगंज बाजार में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे एक कथित क्लीनिक पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। मामले में अब संबंधित संचालक के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कर ली है। जानकारी के अनुसार, दानगंज बाजार में संचालित ‘गौतम बाल इलेक्ट्रो होम्योपैथिक चिकित्सालय’ पर एसडीएम सदर ने 17 अप्रैल 2026 को छापेमारी की थी। जांच के दौरान क्लीनिक से संबंधित दस्तावेजों और डॉक्टर के प्रमाणपत्रों की जांच की गई। अनियमितताएं पाए जाने पर क्लीनिक को मौके पर ही सील कर दिया गया तथा सभी आवश्यक दस्तावेज जब्त कर लिए गए।
एसडीएम सदर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) वाराणसी के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चोलापुर के अधीक्षक द्वारा चोलापुर थाने में तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की इस दोहरी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के संचालकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।




